कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने छुरी नगर पंचायत में अपना परचम लहरा दिया है। बुधवार को आहूत सामान्य सम्मिलन में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव कांग्रेस के नीलम देवांगन के खिलाफ पारित हो गया। इससे यह साफ हो गया है की आने वाले दिनों में भाजपा का अध्यक्ष बनना तय है। नौ साल बाद एक बार फिर भाजपा नगर पंचायत छुरी में काबिज होने जा रही है। इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि छुरी की जनता पार्षद अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से पूरी तरह से परेशान हो गई थी।छुरी नगर पंचायत में अध्यक्ष सहित कांग्रेस के 9 और भाजपा के कुल 6 पार्षद थे। पिछले दिनों पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ पार्षदों ने लिखित रूप में अविश्वास प्रस्ताव लाये जाने हेतु पत्र सौंपा था जिसके बाद लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाथ की उपस्थिति में मतदान कराया गया। जिसमें पांच के मुकाबले दस मतों से अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने की खबर जैसे ही बाहर आई, जय श्रीराम के नारे से पंचायत परिसर पूरी तरह से गूंज उठा। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने एक दूसरे के माथे पर गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार भी किया।इस मौके पर मौजूद जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि नगर पंचायत में पूरी तरह से लचर हो चुकी कार्य व्यवस्था से छुरी की जनता बेहद परेशान हो चुकी थी और उसे उम्मीद थी की कोई आएगा जो इस बैतरणी को पार करायेगा। इस पंचायत में कांग्रेस पार्षदों की स्थिति भी काफी ऊहापोह वाली रही। उनका भी कोई काम नहीं हो पा रहा था। इस एकला चलो नीति के कारण ही अध्यक्ष को पराजय झेलनी पड़ी। डॉ. सिंह ने कहा कि इसके लिए चुनावी रणनीति के तहत कार्य किया गया और विजय हासिल की गई। इसके लिए भाजपा समर्थकों, कार्यकर्ताओं और कांग्रेस के पार्षदों ने जो सहयोग दिया, उसके लिए वह प्रशंसा के पात्र हैं ।