बैकुंठपुर। नौ दिनों तक इस बार नौतपा खूब तपा किंतु नौतपा की समाप्ति के तत्काल बाद सोमवार को मौसम में व्यापक बदलाव आया। शाम चार बजे से सरगुजा संभाग के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हुई। शाम चार बजे से शुरू हुई बारिश अलग-अलग क्षेत्र में देर शाम तक कायम रही।कई दिनों से गर्मी से बेहाल लोग रिमझिम बारिश में भीगते भी नजर आए। मौसम पूरी तरह कूल कूल हो गया है। अब ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि सरगुजा क्षेत्र का मौसम बदल जाएगा। उधर मौसम विज्ञानी भी इस बार समय पर मानसून पहुंचने के संकेत दे रहे हैं।मौसम में आए अचानक बदलाव से गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरावट के साथ 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नौतपा की तपन ने लोगों को बेहाल कर दिया था। पंखा, कूलर काम नहीं कर रहा था। घर से बाहर निकलने पर 44-45 डिग्री तापमान की झुलसा देने वाली गर्मी लोगों को मुसीबत में डाल रही थी। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि इस बार नौतपा की मान्यता अनुकूल रही है। मान्यता है कि नौतपा समाप्त होते ही वर्षा होनी चाहिए। इस बार नौतपा में तपन भी अच्छी रही और नौतपा की समाप्ति के साथ ही अच्छी वर्षा भी देखने को मिल रही है। हालांकि यह वर्षा मानसून की वर्षा नहीं है। इस समय एक विक्षोभ पश्चिम की ओर से प्रभावी है जिसे अरब सागर की ओर से चक्रवाती हवाओं के नमी की ताकत भी मिल रही है। बिहार और उत्तर प्रदेश पर भी प्रभावी संचरण का सहयोग मिल रहा है। अगले एक दो दिनों में इस विक्षोभ के कमजोर पडऩे के साथ तापमान में उछाल की संभावना अभी बनी हुई है। मौसम विज्ञानी एएएम भट्ट ने बताया कि मानसून मध्य अरब सागर में आगे बढ़ा है। यह कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के भी कुछ हिस्सों तक प्रभावी हो चुका है। बंगाल की खाड़ी के मध्य-पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में भी मानसून की हवाएं चल रही हैं। सोमवार को पूर्वोत्तर के सभी राज्यों सहित बंग्लादेश तक इसकी दस्तक देखी जा सकती है।मानसून की आगे बढऩे की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और उम्मीद है कि आठ जून के आसपास दक्षिण छत्तीसगढ़ के मुहाने मानसून छत्तीसगढ़ राज्य में प्रवेश कर लेगा। 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग के विभिन्न स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है। इसका आकलन भी मौसम विभाग ने किया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई वर्षा। वाड्रफनगर 6.1 मिमी, कुसमी सामरी सात मिमी, शंकरगढ़ 8.1 मिमी,बैकुंठपुर – 2.6 मिमी,सोनहत 0.3मिमी,उदयपुर 1.4 मिमी, सीतापुर 0.1मिमी,मैनपाठ – 0.6 मिमी,बतौली तीन मिमी,रामानुजनगर 5.1 मिमी, प्रतापपुर 1.5 मिमी बारिश हुई है। इस बार नौतपा की मान्यता अनुकूल रही है। मान्यता है कि नौतपा समाप्त होते ही वर्षा होनी चाहिए। इस बार नौतपा में तपन भी अच्छी रही और नौतपा की समाप्ति के साथ ही अच्छी वर्षा भी देखने को मिल रही है। हालांकि यह वर्षा मानसून की वर्षा नहीं है। इस समय एक विक्षोभ पश्चिम की ओर से प्रभावी है जिसे अरब सागर की ओर से चक्रवाती हवाओं के नमी की ताकत भी मिल रही है साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश पर भी प्रभावी संचरण का सहयोग मिल रहा है। अगले एक दो दिनों में इस विक्षोभ के कमजोर पडऩे के साथ तापमान में उछाल की संभावना अभी बनी हुई है।