जमीन विवाद पर किसान को मारी थी गोली, चार गिरफ्तार

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में कृषक वासुदेव यादव को गोली मारने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनका सहयोग करने वाले तथा हथियार उपलब्ध कराने वाले दो आरोपितों की भी गिरफ्तारी की गई है। जमीन विवाद पर हत्या की नीयत से कृषक को गोली मारी गई थी। आरोपितों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घायल कृषक का अभी भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने सोमवार को मामले का राजफाश करते हुए बताया कि ग्राम परेवा निवासी कृषक वासुदेव यादव का जमीन संबंधित विवाद गांव के ही सुकेश यादव (22) के परिवार से था। इसी विवाद के कारण सुकेश ने उसकी हत्या की योजना बनाई थी। योजना के तहत उसने अपने साथी ग्राम गिरजापुर निवासी संतोष पैकरा उर्फ बोखा (25) को भी मिला लिया था। इन्हें हथियार उपलब्ध कराने का काम डाल्टेनगंज झारखंड निवासी अश्विनी चौबे (28) ने किया था। योजना के तहत घटना दिवस 19 अक्टूबर की शाम कृषक वासुदेव यादव जब परसाढोढ़ी स्थित टमाटर खेत से वापस लौट रहे थे तो रास्ते में सुकेश यादव ने उन पर गोली चलाई थी। घटना के समय सुकेश के साथ संतोष पैकरा उर्फ बोखा भी था। दोनों मोटरसाइकिल में थे। घटना के बाद दोनों को भगाने में गिरजापुर निवासी विश्वनाथ पैकरा (28) ने मदद की थी। आरोपित विश्वनाथ और संतोष सगे भाई हैं। घटना के बाद घायल के स्वजन से पूछताछ और संदेह के आधार पर पुलिस ने सुकेश यादव को पकड़ा। उसने घटना की सारी सच्चाई बता दी। इसके बाद सभी आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।इनके पास से पुलिस ने घटना में उपयोग किया गया पिस्टल,चार नग खाली खोखा,एक मैग्जीन, दो नग जिन्दा राउंड (घटना से संबंधित पिस्टल की) तथा दो मोटरसाइकिल जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि घटना के बाद वासुदेव यादव के स्वजन से भी पूछताछ की गई थी। पुलिस ने अलग-अलग एंगल में मामले की जांच शुरू की तो संदेहियों के रूप में कुछ लोगों का नाम सामने आया। सभी को बुलाकर पूछताछ की जा रही थी । इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक संदेही सुकेश यादव के फरार रहने के कारण उस पर पुलिस का शक गहरा गया था। जब उसे पकड़ा गया तो उसने सारी सच्चाई बता दी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि घटना के बाद सभी आरोपित भाग गए थे। गोली चलाने वाले आरोपित सुकेश यादव को बैकुण्ठपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपित संतोष पैकरा उर्फ बोखा भाई के ससुराल ग्राम चलगली शंकरगढ़ में छिपा हुआ था। उसे वहीं से पकड़ा गया। आरोपित विश्वनाथ पैकरा को गांव से तथा हथियार उपलब्ध कराने वाले अश्विनी चौबे को सिंचाई कालोनी डाल्टेनगंज स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। कृषक वासुदेव यादव 19 अक्टूबर की शाम टमाटर खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में एक मोटरसाइकिल में दो नकाबपोश खड़े थे। वहां से वासुदेव यादव जैसे ही गुजरे ,मोटरसाइकिल सवार नकाबपोशों ने उनका पीछा किया। कुछ दूर आने के बाद किसान को गोली मार मोटरसाइकिल से ही भाग गए थे। घायल किसान को अंबिकापुर के मेडिकल कालेज अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।

RO No. 13467/10