
श्रीनगर, 27 दिसम्बर । श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक सिलेंडर आईईडी बरामद किया गया है। आईईडी मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि बम निरोधक दस्ते ने समय रहते ही उसे निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षाबलों ने आईईडी को डिफ्यूज कर एक आतंकी हमले की साजिश पर पानी फेर दिया। आइईडी मिलने से श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग दो घंटे तक यातायात भी अवरुद्ध रहा। अलबत्ता पुलिस ने आइईडी मिलने की पुष्टि नहीं की है और कहा कि एक संदिग्ध वस्तु थी, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय किया है। यहां मिली जानकारी के अनुसार, यह आइईडी आतंकियों ने श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर लावेपोरा के निकट लगाया था। इस सड़क से सुबह सेना और अर्धसैनिक बलों के वाहनों के अलावा दिनभर सैंकड़ो नागरिक वाहन भी गुजरते हैं। सुबह सड़क की जांच कर रही सुरक्षाबलों की रोड ओपनिंग पार्टी ने इसका पता लगाया। रोड ओपनिंग पार्टी ने उसी समय निकटवर्ती पुलिस चौकी को सूचित किया और दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही को सावधानी के तौर पर रोक दिया। इसके साथ सेना और पुलिस के बम निरोधक दस्ते भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आइईडी को अपने कब्जे में लेकर निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद ही वहां यातायात सामान्य हुआ।






















