जम्मू। जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ अब मैदानी इलाके भी ठिठुरने लगे हैं। जम्मू के मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंड जोर पकड़ रही है। तापमान में भी गिरावट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिसंबर से बारिश की संभावना है। उससे अगले चौबीस घंटों के दौरान मुख्यत: मौसम शुष्क रहेगा लेकिन शाम के समय आंशिक बादल छाएंगे।
उच्च पर्वतीय श्रृंखलाओं पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं से देखने को मिल रहा है। नहर व तवी किनारों के क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध भी पड़ रही है। इसी बीच बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते मौसम के मिजाज कइयों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। बुखार और खासी-जुखाम के मामलों में वृद्धि हुई है। फिलहाल शुष्क सर्दी से जूझना ही पड़ेगा।