
जयपुर, २४ मार्च। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार की शाम एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से वहां काम कर रहे छह लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से जले दो व्यक्तियों को जयपुर के सवाई मानसिंह सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से एक की मौत हो गई, एक का इलाज चल रहा है। जयपुर के पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि आग की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। फैक्ट्री में लगी आग बुझा दी गई है। फैक्ट्री अवैध है वहां पर काफी संख्या में केमिकल से भरे ड्रम रखे पाए गए हैं, फैक्ट्री मालिक मौके पर नहीं मिला है। जयपुर जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने फैक्ट्री में लगी आग से हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि जयपुर के पास बस्सी में केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से नागरिकों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।



























