जर्जर रास्ते पर आये दिन हो रहे हादसे

जांजगीर-चांपा। एनएच 49 में स्थित पीथमपुर पुल पहली बारिश में ही जर्जर हो चुका है। जर्जर पुल होने के कारण आए दिन पुल के ऊपर ही सडक़ दुर्घटना हो रही है। लेकिन पुल की मरम्मत के लिए ठेकेदार आज तक झांकने तक नहीं गया। इतना ही नहीं विभागीय अधिकारी भी ठेकेदार पर दबाव नहीं बना पा रहे हैं। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।एनएच की हालत तो पहले से ही बदतर है। वहीं इस रूट में बने पुलों की हालत भी चंद महीनों में जर्जर होने लगा है। पुलों के ऊपर से गुजरने में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि शुरुआती दौर में दो चार साल तक पुल की हालत सही सलामत होती, लेकिन एक साल भी नहीं हुए पुल को चालू हुए और अभी से जर्जर की कगार पर है। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुल का निर्माण किस तरह किया गया होगा। दरअसल, पुल के निर्माण के पहले से ही इसमें कई तरह की खामियां उजागर हुई थी। इसके चलते अधिकारियों ने इसे रिजेक्ट कर दिया था। पुल को तोडक़र फिर से नए सिरे से बनाया गया था। इसके चलते पुल निर्माण में एक साल देरी हुई थी। अब पुल तो जैसे-तैसे निर्माण हो गया, लेकिन इसके ऊपरी हिस्से में मापदंड के हिसाब से ढलाई नहीं की गई।

RO No. 13467/10