जादू-टोना के संदेह पर महिला की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम फुलीडूमर में राजपति पंडो (55) नामक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी लाश के मामले का पुलिस ने रहस्योद्घाटन कर दिया है। राजपति पंडो की हत्या गांव के ही हरिकिशुन सिंह (32) ने जादू टोना के संदेह पर साथी सुखन सिंह पंडो (22) ने की थी। गला घोटकर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की मंशा से दोनों ने शव को उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका दिया था। जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम फुलीडूमर केरवापारा निवासी राजपति पंडो कुछ दिनों से घर मे अकेली रह रही थी। उसका पति रामपति पंडो कामकाज के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। बीते 13 नवंबर 2023 की सुबह राजपति पंडो की फांसी पर लटकी लाश संदिग्ध परिस्थिति में मिली थी। पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मृतका के परिचितों ने आत्महत्या पर संदेह जताया था। कुछ फोटोग्राफ्स भी लिए थे। महिला का पति जब वापस लौटा तो उसने पड़ोसियों से घटना की जानकारी ली थी। घर की कंडी ऊंचाई में थी। बिना किसी सहारे के उस ऊंचाई तक पहुंच फांसी लगाना संभव नहीं था। यह भी जानकारी मिली थी घटना दिवस की रात गांव का ही एक व्यक्ति महिला के घर भी आया था। इसी आधार पर महिला के पति रामपति पंडो ने बसंतपुर थाने में हत्या की आशंका जता लिखित शिकायत की थी। पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह के निर्देश पर बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार चंदन सिंह ने जांच शुरू की। कुछ लोगों का बयान भी लिया। संदेही के रूप में हरिकिशुन सिंह का नाम सामने आया। पुलिस ने हरिकिशुन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो उसने गांव के ही सुखन पंडो के साथ हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप पर दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपित हरिकिशुन सिंह को संदेह था कि मृतका राजपति पंडो जादू टोना करती है। इसलिए उसने उसकी हत्या की योजना बनाई। गांव के सुखन पंडो को इस योजना में शामिल कर लिया। दीवाली की रात उसने महिला को शराब पिलाया। जब वह नशे में थी तो आरोपित हरिकिशुन ने उसका गला घोंट दिया। इस दौरान आरोपित सुखन ने महिला के दोनों पैर को पकड़ कर रखा था। हत्या के बाद इसे आत्महत्या का स्वरूप देने दोनों ने मृतका के शव को उसी के घर में फांसी के फंदे पर लटका दिया था। घटनास्थल पर कई ऐसे साक्ष्य थे जो संदेह उतपन्न कर रहे थे। आखिरकार दोनों आरोपित पकड़ में आ गए।

RO No. 13467/11