
दरभंगा, 0३ नवंबर । मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र की एक दुष्कर्म पीडि़ता को गंभीर स्थिति में गुरुवार को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। उसे फुलपरास सीएचसी से डीएमसीएच के लिए रेफर किया गया, जहां उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। पीडि़ता के कान और संवेदनशील अंग पर चाकू से प्रहार किया गया है। गले में गमछा बांधकर जान से मारने की कोशिश की गई थी, इस कारण उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। पीडि़ता ने बताया कि बुधवार रात लगभग 11 बजे अपने दो बच्चों के साथ कमरे में सोई हुई थी। इसी दौरान उनके पति का दोस्त मंटू यादव कमरे का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। भागने की कोशिश की तो उसके मुंह और दोनों हाथ को गमछे से बांध दिया। इसके बाद बुरी तरह पिटाई की। इससे भी मन नहीं भरा तो आरोपी दरिंदे ने चाकू निकालकर उसपर हमला कर दिया। इससे उसका कान कट गया।आरोपी ने पीडि़ता के गले को गमझे से दबाकर उसे बेहोश कर दिया। बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उस दरिंदे ने महिला के संवेदनशील अंग पर चाकू से हमला कर दिया।दोनों बच्चों के चिल्लाने पर आरोपी फरार हो गया। उसका गमछा कमरे में छूट गया। आवाज सुनकर पड़ोस की महिला पहुंची और हालात देख हल्ला किया। इसके बाद देवर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घोघरडीया में भर्ती कराया।पीडि़ता की गंभीर हालत को देखते हुए फुलपरास के लिए रेफर कर दिया गया। वहां स्थिति में सुधार नहीं होने पर डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। गुरुवार सुबह करीब दस बजे उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया। पीडि़ता की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।


















