
कोरबा। भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक का पर्व रक्षाबंधन आज ऊर्जानगरी कोरबा समेत आसपास के उपनगरों एवं ग्रामीण अंचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांध उनकी लंबी उम्र और सफलता की कामना की। बदले में भाईयों ने जीवन भर बहनों की रक्षा करने का वादा किया। हिंदू धर्म में राखी को रिश्तों में बढ़ावा देने का दिन माना जाता है। इस दिन को सभी परिवारों में अलग-अलग मान्यताओं और प्रेम की भावनाओं के साथ मनाया जाता है। इस साल राखी का पर्व सभी के लिए लाभ से भरा रहा। सावन माह के आखिरी सोमवार के दिन पूर्णिमा व रक्षाबंधन पर्व पडऩे से इसका महत्व और भी बढ़ गया था। सुबह भद्रा का साया पडऩे के कारण रक्षाबंधन का पर्व दोपहर डेढ़ बजे के बाद मनाया गया। पर्व को लेकर बहनों में भारी उत्साह रहा। जैसे ही भद्रा का साया हटा, बहनें अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंचीं और माथे पर तिलक-रोली लगाकर कलाई पर रक्षा सूत्र बांधी। बदले में भाईयों ने उपहार प्रदान की।
मंत्री के डी-वन आवास में मना राखी का त्योहार
क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के पंचवटी के समीप स्थित सरकारी आवास में राखी का त्योहार मनाने के लिए बहनी संग मन राखी तिहार कार्यक्रम का आयोजन रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के कलाई पर राखी बांधी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर बाद तक चला। इस दौरान डी-वन आवास में राखी बांधने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
जिला जेल में भी आयोजन
जिला जेल कोरबा में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों, सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं एवं जेल में बंद कैदियों की बहनों व स्वजनों ने जेल परिसर पहुंचकर वहां बंद कैदियों को राखी बांधी। इस अवसर पर जेल प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किया गया था।
सीआईएसएफ जवानों के साथ मनाया पर्व
रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व जनता एवं कोयला खदानों की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवानों के साथ सर्वमंगला स्कूल की बहनों ने रक्षाबंधन पर्व मनाया। उनके दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना की। प्रगति नगर दीपका स्थित सीआईएसएफ बैरक में दोपहर लगभग स्कूल छात्राओं (बहनों) ने बटालियन में रक्षाबंधन का पर्व सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाया। यहां बटालियन के अधिकारियों और जवानों को परंपरा अनुसार तिलक करके उनकी आरती उतारी और रक्षा सूत्र बांधकर मुंह मीठा कराया। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान भाईयों ने बहनों को उनकी रक्षा का वचन दिया। स्कूल की बहनों ने कहा कि सीआईएसएफ के फौजी भाई अपने परिवार से दूर देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर होते हैं इसलिए हम सभी महिला बहनों ने फौजी भाईयों की सुरक्षा उनकी दीर्घायु स्वास्थ्य की कामना के साथ एक परिवार के बहन की तरह उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य नारायण चंद्रा, शिक्षिका आरती महतो के साथ विद्यालय की छात्राएं अदिति राठौर, अनीषा, ओमिषा, काजल, रागिनी, सीमा पल्लवी, अनामिका, स्नेहा, नंदिनी, गरिमा, सोनिया चाहत, रिद्धी, निधी, रोशनी, प्रीति, तन्नू, साक्षी, रानी, राखी, शीतल, श्रेया, श्रद्धा, गरिमा, पायल सहित कुल 28 छात्राएं उपस्थित थीं।














