
भटगांव । नगर में शुक्रवार रात हिट एंड रन का मामला सामने आया। इसमें एक कालरी कर्मी की माडिफाइड जीप से कुचलकर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन को छोड़ चालक फरार हो गया। बताया गया कि चालक नशे में धुत्त था। इस घटना से भटगांव क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने वाहन चालक युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार सुबह भटगांव – जरही मार्ग में मिशन चौक पर चक्का जाम कर दिया। नागरिकों एवं स्वजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर आक्रोश प्रकट करते हुए घटना घटित करने वाले युवक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। रहे। करीब दो घंटे बाद एसडीओपी प्रतापपुर के आश्वासन के पश्चात चक्का जाम समाप्त हुआ। आंदोलन के दौरान गाडिय़ों की लाइन लग गई तथा कोल परिवहन बंद रहा। पुलिस के अनुसार जगन्नाथपुर ओसीएम में मैकेनिकल फिटर के पद पर कार्यरत भटगांव निवासी कुंवरलाल सूर्यवंशी शुक्रवार रात आठ बजे घर से अकेले यह कह कर निकले की किराना सामान लेकर आता हूं। वे शिव मंदिर के पास किराना दुकान में जाकर खड़े थे। इसी दौरान माडिफाइड जीप में नशे में धुत चालक आदित्य धनराज सिंह 20 वर्ष ने उन्हें पीछे से जबरदस्त ठोकर मार दी। गाड़ी का बड़ा पहिया कुंवरलाल सूर्यवंशी के ऊपर चढ़ते हुए पार हो गया। दुर्घटनाकारी वाहन बिजली पोल को मारते हुए दो-तीन मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बड़े टायर की चपेट में आने से कुंवरलाल सूर्यवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए।उन्हें तत्काल एसइसीएल अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। घटना के बाद भीड़ का फायदा उठाकर आरोपित चालक आदित्य धनराज सिंह मौके से दूसरी गाड़ी मे बैठ कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे रवि शंकर सूर्यवंशी की शिकायत पर धारा 304 ए के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।






























