कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले में न्याय की मांग करते हुए जूनियर डॉक्टरों का अनशन 13वें दिन में प्रवेश कर चुका है। जूनियर डॉक्टरों ने सरकार के सामने मृतक डॉक्टर को न्याय दिलाने और कार्यस्थलों सुरक्षा सुनिश्चित कराने और राज्य स्वास्थ्य सचिव को पद से हटाने की मांग रखी है। अबतक अनशन पर बैठे छह डॉक्टरों की तबीयत बिगडऩे पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में आठ डॉक्टर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे हैं। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों ने मृतक महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने और राज्य स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम को पद से हटाने की मांग की है। उनकी अन्य मांगों में राज्य के सभी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के लिए एक केंद्रीकृत रेफरल प्रणाली की स्थापना, एक बिस्तर रिक्ति निगरानी प्रणाली की शुरुआत, कार्यस्थलों पर सीसीटीवी, ऑन-कॉल रूम और वॉशरूम के लिए आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित करने के लिए टास्क फोर्स का गठन शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने अस्पतालों में पुलिस सुरक्षा और महिला पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने और डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त पदों को तेजी से भरने की भी मांग की।