
उत्तरकाशी, २० नवंबर । आठ दिन से सुरंग में फंसे श्रमिकों के स्वजन के सब्र का बांध भी टूटने लगा है। श्रमिकों के स्वजन लगातार मांग कर रहे हैं कि सुरंग में फंसे श्रमिकों से उनकी बात कराई जाए, जिससे उन्हें यह पता चल सके कि सुरंग में फंसे उनके परिवार के सदस्य सकुशल हैं। झारखंड निवासी आनंद ने कहा कि उसका चचेरा भाई रंजीत भी सुरंग के अंदर फंसा हुआ है। तीन दिन पहले बात हुई थी, लेकिन पिछले तीन दिन से उससे बात करने का मौका नहीं मिल पाया है। वह पुलिस और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि उनकी बात कराई जाए। कोटद्वार निवासी जयमाल सिंह नेगी ने कहा कि रेस्क्यू कार्य तो चल रहा है, पर प्रभावी रूप से नहीं है। बस केवल आश्वासन मिल रहा है।झारखंड के जनपद रांची के खीराबेरा गांव निवासी 20 वर्षीय ओम कुमार ने बताया कि 14 दिन पहले तीन चचेरे भाईयों के साथ सिलक्यारा आया था। झारखंड में वह कोयले की खदान में काम करते थे। ठेकेदार ने उनसे कहा कि वह उत्तराखंड में एक सुरक्षित काम दिलवाएगा, परंतु यहां कुछ और ही देखने को मिला है। उसके चचेरे भाई 18 वर्ष का सुखराम बेदिया, 21 वर्ष का राजेंद्र बेदिया और 20 वर्ष का अनिल बेदिया रविवार की सुबह से सुरंग में ही फंसे हैं। ओम कुमार बेदिया ने कहा कि तीनों भाई सुरंग से बाहर निकलेंगे तो फिर यहां से सीधे घर जाएंगे।उत्तरकाशी सुरंग में फंसे श्रमिकों के साथ अब उनके स्वजन की हालत भी बिगड़ रही है। चंपावत निवासी पुष्कर सिंह ऐरी की मां गंगा देवी बेटे की चिंता में रो रही है और खाना भी छोड़ दिया है। गांव के लोग पुष्कर के परिवार का ढांढस बांध रहे हैं। उत्तरकाशी की सिलक्यारा चारधाम सड़क परियोजना की क्षतिग्रस्त हुई टनल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र चंपावत के टनकपुर के छीनीगोठ गांव का निवासी 22 बर्ष का युवक पुष्कर सिंह ऐरी पुत्र राम सिंह ऐरी भी फंसा हुआ है। पुष्कर को भी सुरंग में फंसे आठ दिन हो गए हैं। पुष्कर का भाई विक्रम सिंह पिछले तीन से सिलक्यारा में अपने भाई के सकुशल बाहर आने का इंतजार कर रहा है।बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूप से फोन पर पुष्कर के परिवार को उनके बेटे के संबंध में जानकारी दी गई। इस घटना से पुष्कर के बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही पुष्कर की मां गंगा देवी ने खाना पीना बिल्कुल त्याग दिया है।सिलक्यारा में विक्रम सिंह ने अपने भाई से बात की तो पुष्कर ने सुरंग के अंदर से सबसे पहले यही बताया कि इस घटना की जानकारी मां को मत देना। मां परेशान हो जाएगी। विक्रम सिंह ने बताया कि पुष्कर का हालचाल जानने के लिए ग्रामीण जब घर पर पहुंचे तो मां को भी इस घटना के बारे में पता चला। पुष्कर के मामा महेंद्र सिंह ने बताया कि दो माह पूर्व ही उनका भांजा पुष्कर अपने घर छीनीगोठ आया था। पुष्कर से आखिरी बार 11 नवंबर को बात हुई थी। तब से बात नहीं हो पाई।






























