
जांजगीर नैला। ज्ञानोदय कॉलेज ऑफ एजुकेशन जांजगीर के प्रथम वर्ष के प्रशिक्षार्थी छात्र अभिनव सत्पथी ने जापान के ओकिनावा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खेल लैक्रोस में भारत का प्रतिनिधत्व कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। लैक्रोस एक तेज गति वाला टीम गेम है, इसे लंबे हैंडल वाले रैकेट और गेंद से खेला जाता है। इसे स्टिकबॉल भी कहा जाता है। इसमें दो टीम आपस में प्रतिस्पर्धा करते हैं और हर टीम में 10 खिलाड़ी होते हैं। वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलम्पिक खेल में इसे शामिल किया गया है।भारत की ओर से छत्तीसगढ़ की टीम से चार खिलाडिय़ों का चयन जापान ओकिनावा के लिए हुआ।जिनमें से अभिनव सत्पथी को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ।विभिन्न टीमों से प्रतिस्पर्धा करते हुए इनकी टीम ने भारत को प्रथम अंतर्राष्ट्रीय मेंस लेक्रॉस प्रतियोगिता में सम्मानजनक स्थान दिलवाया। अध्ययन और खेलकूद में विशेष रुचि रखने वाले इस छात्र की उपलब्धि पर संचालक डॉ. सुरेश यादव एवं महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
























