
जांजगीर- चांपा। भाजपा सरकार आने के बाद अब स्वामी आत्मानंद ज्ञानोदय वाचनालय की स्थापना फिर से होगी। इसके लिए संचालनालय पंचायत ने अविभाजित जांजगीर चांपा जिले की 101 ग्राम पंचायतों का चयन किया है। इस बार उन पंचायतों में वाचनालय खोला जाएगा जहां की आबादी 2 हजार से अधिक है। ऐसे पंचायत में पुस्तक खरीदी के लिए तीन – तीन लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है और राशि भी आवंटित की जा चुकी है। भाजपा सरकार के समय में पंचायतों में स्वामी आत्मानंद ज्ञानोदय वाचनालय का संचालन हो रहा था । कुछ सालों तक इसका संचालन ठीक ठाक हुआ मगर बाद में पंचायतों ने इसमें रुचि नहीं ली और अधिकांश पंचायतों में ये वाचनालय बंद हो गए। वर्ष 2018 से 2023 तक कांग्रेस की सरकार रही। मगर सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अब जब फिर से भाजपा की सरकार आई है तो आत्मांनद वाचनालय की सुध फिर से ली गई है। राज्य सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 2 हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों में स्वामी आत्मानंद ज्ञानोदय वाचनालय खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संचालनालय पंचायत से पहले ही आदेश जारी हो चुके हैं और वाचनालय खोलने के लिए जिले की 101 पंचायतों के लिए तीन करोड़ तीन लाख रूपये राशि भी आवंटित की गई है। प्रत्येक पंचायत में तीन लाख रूपये के हिसाब से पुस्तकों की खरीदी की जाएगी। इस लाइब्रेरी में कृषि संबंधी पुस्तकों के अलावा युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित किताबें भी रहेगी। बुजुर्गों के लिए कहानी और देश दुनिया की जानकारी से संबंधित पुस्तकें रहेंगी। इसे लेकर स्वामी आत्मानंद ज्ञानोदय वाचनालय के लिए चिन्हांकित ग्राम पंचायतों में तैयारी शुरू हो गई है। निर्देश भी दिया जा चुका है। लाइब्रेरी खुलने से इसका लाभ ग्रामीणों को मिलेगा। मगर इसे लेकर पंचायत प्रतिनिधियों को भी जागरूक होना पड़ेगा। अन्यथा पिछली बार की तरह ये वाचनालय भी बंद न हो जाए। अजीत जोगी के कार्यकाल में शुरू हुई थी योजना प्रदेश में सबसे पहले लाइब्रेरी की शुरुआत अजीत जोगी के शासन काल में वर्ष 2001 में हुई थी। उस समय इसका नाम राजीव गांधी ग्रामोदय वाचनालय था। उस समय एक-एक पंचायत में पुस्तक खरीदने के लिए दस-दस हजार रुपये का आवंटन हुआ था। मगर तत्कालीन पंचायत प्रतिनिधियों ने लाइब्रेरी संचालन में गंभीरता नहीं दिखाई और अधिकांश पंचायतों में वाचनालय बंद हो गया। पुस्तक खरीदी में हुई थी कमीशन खोरी उस समय वाचनालय तो खोला गया मगर पुस्तकों की खरीदी जनपद के माध्यम से की गई। इसमें अधिकांश किताबें इस तरह खरीदी गई जो ग्रामीणों के काम की नहीं थी। पुस्तक खरीदी में ग्रामीणों की रूचि के बजाय कमीशन पर अधिक ध्यान दिया गया था। इस कारण वाचनालय की किताबें धूल खाती रही और इसका लाभ किसी को नहीं मिला। अविभाजित जांजगीर चांपा जिले के नौ ब्लाक के 101 पंचायतों में स्वामी आत्मानंद ज्ञानोदय वाचनालय खोला जाएगा। ऐसे गांव का चिन्हांकित किया गया है जिसकी आबादी दो हजार या उससे अधिक है। इनमें नवागढ़ ब्लाक की पंचायत खोखरा, सलखन, केरा, सरखों, धुरकोट, महंत , तुस्मा, सेमरा, सिवनी, बनारी, गोधना, पामगढ़ ब्लाक के कोनार, धरदेई, तनौद, मेऊ, भैंसों, बम्हनीडीह ब्लाक के बम्हनीडीह, बिर्रा, सक्ती ब्लाक के टेमर ,पोरथा, नगरदा, जैजैपुर ब्लाक के कचंदा, मल्दा, भोथिया, कांशीगढ़ के अलावा सभी ब्लाकों की 101 पंचायत शामिल हैं। स्वामी आत्मानंद ज्ञानोदय वाचनालय खोलने के लिए अविभाजित जांजगीर चांपा जिले के नौ ब्लाक के 101 पंचायतों को चिन्हांकित किया गया है। जिन गांवों की आबादी दो हजार या उससे अधिक है ऐसे गांव में वाचनालय खोले जाएंगे। इसके लिए शासन द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायतों को तीन- तीन लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। राशि भी शासन से जारी हो गई है। अभिमन्यु साहू उप संचालक, पंचायत





















