जांजगीर। ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर में गणतंत्र दिवस का समारोह संस्था के प्राचार्य डॉ.सुरेश यादव के मार्गदर्शन में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
समारोह की शुरुआत प्राचार्य डॉ.सुरेश यादव द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के रोहण के साथ किया गया। इसके बाद छात्र – छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्र गान का गायन किया और राष्ट्र भक्ति एवं देश प्रेम से ओत – प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ .सुरेश यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश की स्वतंत्रता और लोकतंत्र की जीत का प्रतीक है। हमें अपने देश के प्रति गर्व और समर्पण की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। एक विद्यालय के रूप में हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने छात्रों को न केवल अच्छी शिक्षा प्रदान करें बल्कि उन्हें एक अच्छा नागरिक और जिम्मेदार व्यक्ति भी बनाएं। हमें अपने छात्रों को सिखाना चाहिए कि वे अपने देश के प्रति कैसे जिम्मेदारी से काम कर सकते हैं और अपने समाज को कैसे बेहतर बना सकते हैं।आज के दिन मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि हम अपने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और उनका पालन करें। हमें अपने देश को मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। देश की आन बान और शान के लिए मर मिटने का संकल्प लेना होगा।
गणतंत्र दिवस समारोह में प्राचार्य सहित श्रीमती चंचला मिश्रा , मूलचंद साव, मनहरण सूर्या,दामिनी कश्यप, प्रिया कोसरे,पुष्पेंद्र, इत्यादि शिक्षक – शिक्षिकाएं सहित विद्यालय के कर्मचारी, पालक एवं छात्र – छात्राएं उपस्थित थे। समारोह के अंत में छात्रों को मिष्ठान वितरित किया गया। विद्यालय के छात्र – छात्राओं ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने देश के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को बढ़ाने का संकल्प लिया।