
कोरबा। जिले के नवागांव झाबू में हुई वज्रपात की घटना में एक युबक की मौत हो गई । जबकि 5 लोग सामान्य रूप से झुलस गए। मृतक और पीडि़त एक परिवार के सदस्य बताए गए हैं। पीडि़तों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल कोरबा में भर्ती किया गया है। दर्री पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर नवागांव झाबु में वज्रपात की यह घटना खेत में हुई। एक परिवार के लोग काम करने खेत गए थे। उसी दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में कोरबा के ग्राम नवागांव झाबू में रहने वाले कोमल कुमार 25 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। उसके 5 परिजन सामान्य रुप से झुलस गए। मृतक अपने परिवार के साथ नदी किनारे खेत में काम करने गया हुआ था, तभी बिजली गिरी। घटना की जानकारी होने पर आसपास के इलाके में हडक़ंप मच गया। आनन फानन में आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पीडि़तों को अस्पताल भिजवाया गया। दर्री पुलिस ने युवक की मौत पर मर्ग कायम किया है।
एक वर्ष पूर्व हुआ था विवाह
नवागांव झाबु में दामिनी गिरने की घटना में कोमल की मौत से उसकी धर्मपत्नी का सिंदूर उजड़ गया। घटना की जानकारी होने पर वह अचेत हो गई। बताया गया कि कोमल का विवाह एक वर्ष पहले ग्रामीण क्षेत्र की युवती से हुआ था।