
रांची, 01 फरवरी । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के साथ ही राज्य में बहुमत से सरकार बनने के बावजूद कार्यकाल पूरा नहीं करने वाले मुख्यमंत्रियों में इनका नाम भी शामिल हो गया है। झारखंड में अब तक एक ही मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपना कार्यकाल पूरा किया है। रघुवर की सरकार में भाजपा को बहुमत हासिल हुआ था और इसके बाद हुए चुनाव में झामुमो, राजद और कांग्रेस के गठबंधन को बहुमत मिला जिसके नेता के तौर पर हेमंत सोरेन को चुना गया।इसी के साथ हेमंत का कार्यकाल शुरू हुआ और चार साल तक हिचकोले खाते हुए सरकार आगे बढ़ती रही। बड़े बहुमत के बावजूद हेमंत की सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई। बुधवार को हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद चम्पाई सोरेन को नया नेता चुन लिया है।झारखंड में मुख्यमंत्री के तौर पर हेमंत सोरेन की यह दूसरी पारी थी। इसके पूर्व भी वह लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। अलग-अलग टर्म को जोड़कर देखा जाए तो मुख्यमंत्री के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल अर्जुन मुंडा का रहा है।वह अलग-अलग समय में तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे हैं। इसके अलावा शिबू सोरेन भी तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं, हालांकि उनका कार्यकाल कम ही रहा है।