
झारखंड। नक्सलवाद के खिलाफ झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोल्हान और चाईबासा के सारंडा में सक्रिय एक नाबालिग, दो महिला सहित 15 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले सभी एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा दस्ते के नक्सली हैं। नक्सलियों की पहचान प्रधान कोड़ा, चंद्रमोहन, पगला गोप, विजय बॉयपाई, गंगाराम पूर्ति, बोयो कोड़ा, जोगेन कोड़ा, पेलांग कोड़ा, सोनू चंपिया, रामजा पूर्ति, सोहन सिंह हेम्ब्रम, दोरन चंपिया, मोगा चंपिया और मनु चंपिया के रूप में हुई है। इनमें सात की उम्र 30 साल से कम है, जबकि तीन की उम्र मात्र 19 साल है।सूत्रों के मुताबिक, चाईबासा पुलिस से सभी 15 नक्सलियों ने संपर्क किया था कि वे जंगल की दुनिया छोड़कर मुख्यधारा में लौटें। पुलिस पर भरोसा कर सभी 15 जंगल से बाहर आ गए और हथियार डाल दिए। बता दें कि विगत वर्ष से लगातार कोल्हान के जंगल में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही बूढ़ा पहाड़, बुलबुल जंगल, खूंटी, चाईबासा और सरायकेला खरसावां के ट्राई जंक्शन क्षेत्र को नक्सलियों से मुक्त करने के बाद सुरक्षा बलों का फोकस प. सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में है।


















