
बिश्रामपुर। बिश्रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र में एसईसीएल की श्रमिक कालोनी में सालों से काबिज सैकड़ों झुग्गी झोपड़ीवासी बिजली कनेक्शन देने की मांग को लेकर झमाझम बारिश में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसईबी) कार्यालय सतपता बिश्रामपुर में करीब तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन कर जमकर हंगामा मचाया। उन्होंने सरकार एवं सीएसईबी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से नाराज झोपड़पट्टी वासी बिजली नहीं, तो वोट नहीं के भी नारे लगा रहे थे। सहायक अभियंता के आश्वासन के बाद झोपडी पट्टी वासियो ने धरना समाप्त किया। बता दें कि एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के अंतर्गत बिश्रामपुर में कंपनी के स्वामित्व की भूमि पर श्रमिक कालोनियां निर्मित है और एसईसीएल का कालोनी क्षेत्र ही नगर पंचायत बिश्रामपुर का सीमा क्षेत्र है। नगर पंचायत का कार्यालय भी एसईसीएल के स्वामित्व की भूमि पर निर्मित है। इसके लिए एसईसीएल के संपदा अधिकारी द्वारा पूर्व में नगर पंचायत सीएमओ को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। एसईसीएल के स्वामित्व की भूमि पर अवैध रूप से झुग्गी झोपडी भी स्थापित हो चुकी है। इसमे सैकड़ों लोग मकान निर्माण कर सालों से निवास भी कर रहे है। बिजली कनेक्शन नही मिल पाने के कारण झोपडी पट्टी में रहने वाले मजबूरी वश एसईसीएल की बिजली चोरी कर उसका उपयोग करने मजबूर है। जिससे एसईसीएल को भी प्रतिमाह लाखो का नुकसान हो रहा है। कालोनी क्षेत्र में रहने वाले झोपडी पट्टी वासियो द्वारा सालों से बिजली कनेक्शन की मांग की जा रही है। इसके लिए कई बार आंदोलन भी किया जा चुका है। बिजली कनेक्शन की मांग करने पर सीएसईबी प्रबंधन द्वारा एसईसीएल की भूमि होने का हवाला देकर बिजली कनेक्शन देने से इंकार कर देता है। वही झुग्गी झोपड़पट्टी वासियो का कहना है कि एसईसीएल की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई बड़े भवनों में सीएसईबी प्रबन्धन ने बिजली कनेक्शन कैसे दे दिया है।



























