टक्कर से गिरे युवक पर चढ़ा ट्रक का पहिया, मौत

बड़सरा। झिलमिली थाना अंतर्गत ग्राम बड़सरा चौक पर ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल में पीछे बैठा व्यक्ति जैसे ही सडक़ पर गिरा तो उसके ऊपर से पहिया गुजर गया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर शव बीच चौक में होने के कारण स्टेट हाइवे लगभग दो घंटे तक जाम रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर सडक़ के किनारे किया और एंबुलेंस बुलाकर शव को पीएम के लिए भेज दिया तब जाकर आवागमन चालू हुआ।
मिली जानकारी अनुसार पटना- भैयाथान स्टेट हाईवे 12 पर बीते मंगलवार को अकुल कुमार (25) अपने साथी के साथ अपने जीजा के घर केवरा गए हुए थे। केवरा से गृहग्राम गिरजापुर वापस हो रहे थे तभी रास्ते में बड़सरा चौक पर विपरित दिशा से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 4728 ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दिया। मोटरसाइकिल में पीछे बैठे अकुल कुमार के सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि ट्रक की गति धीमी थी लेकिन एक अज्ञात वाहन को साईड देने के चक्कर मे यह हादसा हो गया। उक्त मोटरसाइकिल मे दो लोग सवार थे वे बड़सरा चौक जैसे ही पहुंचे सामने की ओर से आ रही ट्रक को देख बाइक चालक ने ब्रेक मारी और बाइक में पीछे बैठा युवक सिर के बल सडक़ पर गिर गया और ट्रक का पहिया चढ़ गया जिससे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक चालक ने घटना स्थल से थोड़े आगे ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। दुर्घटनाकारित ट्रक को झिलमिली पुलिस ने जप्त कर थाने भेज दिया।शव का पंचनामा तैयार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैयाथान के मोर्चरी मे रखवा दिया। जहा पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्डम कर परिजन को सौंप दिया है। दुर्घटना के तुरंत बाद सडक़ की दोनों तरफ बड़ी वाहनों की कतार लग गई। लगभग दो घंटे तक मार्ग पर लोगों की भीड व बीच सडक़ पर शव होने की वजह से आवागमन बाधित रहा और चक्काजाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई लेकिन स्थानीय पुलिस की समझाईश के बाद आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो गया।
पटना भैयाथान स्टेट हाईवे 12 के मध्य ग्राम बड़सरा में चौराहा है जो काफी संकीर्ण है। पटना या भैयाथान की तरफ से आवागमन करते समय वाहन चालक को बड़सरा चौक दिखाई नहीं देता,नही इसका अंदाजा लगता है।जिसके कारण आए दिन इस चौराहे पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं लेकिन विभाग बेफिक्र है जबकि सावधानी हेतु पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ऐसे स्थानों का चयन कर संकेतक बोर्ड लगाना होता है लेकिन सडक़ बने 10 वर्ष से अधिक बीत जाने के बाद भी एक अदद बोर्ड नही लगा सका। स्टेट हाईवे सडक़ के किनारे किनारे पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बड़सरा चौक से बसकर नाला तक नाली निर्माण कराया गया था जिसे दुकानदार, ग्रामीण मिट्टी पाटकर कब्जा कर लिए और उसके ऊपर अपना सामान रखकर निस्तारी कर रहे हैं जिससे सडक़ और संकीर्ण हो गई। तो वहीं बारिश का पानी सडक़ों पर बहने लगता है जिससे राहगीर तो परेशान होते ही हैं लेकिन सडक़ भी उखड़ जाती है। दुर्घटना जन्य क्षेत्र पर संकेतक लगाए जाते हैं अगर यहां नहीं लगा है तो अति शीघ्र चौक पर संकेतक लगाया जाएगा। नाली पर कब्जा आज बड़ी समस्या है। राजस्व विभाग को पत्र लिखा जाएगा।

RO No. 13467/11