
मैनपाट। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में साफ-सफाई को लेकर यहां के युवाओं ने अभियान छेड़ रखा है। खासकर मैनपाट के पर्यटन केंद्रों में सैलानियों द्वारा फैलाए जाने वाले कचरे को कम करने प्रति रविवार को युवाओं द्वारा साफ-सफाई की जा रही है। इस बार सैलानियों को गुलाब का फूल देकर आग्रह किया गया कि कचरा न फैलाएं। निर्धारित स्थलों पर उपलब्ध डस्टबिन में ही कचरा फेंके। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) के अधिकारी-जवानों ने भी इस बार स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। लगभग एक पिकअप प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर गार्बेज कैफे अंबिकापुर भेजा गया है। युवाओं के इस प्रयास की जमकर सराहना हो रही है।
मैनपाट युवा टीम के द्वारा पिछले रविवार की भांति इस रविवार को मैनपाट के प्रमुख पर्यटन स्थल टाइगर प्वाइंट पर पुन: स्वच्छता अभियान चलाया गया।रविवार सुबह से ही युवाओं की टीम ने टाइगर प्वाइंट पहुंच कर श्रमदान किया। अभियान के दौरान एक पिकअप कचरा एकत्रित कर गार्बेज कैफे जा गया। सफाई अभियान के पश्चात टाइगर प्वाइंट में आने वाले पर्यटकों व स्थानीय दुकानदारों को गुलाब भेंट कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पर्यटकों को गुलाब का फूल देते हुए आग्रह किया गया कि पर्यटन स्थलों में स्वच्छता का विशेष ध्यान दें। मैनपाट की खूबसूरती में कचरा फैला दाग न लगाएं। प्लास्टिक का उपयोग कम करें व कचरों का निस्तारण सही तरीके से करें। अभियान में पीटीएस के एसपी सचिन्द्र चौबे के मार्गदर्शन में पीटीएस के जवान , मैनपाट आइटीआइ के छात्र व टाइगर प्वाइंट में कार्यरत महिला समूह की महिलाएं जुड़ीं। सभी ने मिलकर तीन घण्टे से अधिक समय तक श्रमदान किया। युवा टीम के सदस्य कमलेश सिंह ने कहा कि मैनपाट को प्रकृति ने बहुत कुछ दिया है। इसे स्वस्थ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए जरूरी है गन्दगी कम करें। और यह सब सबके जागरूकता से ही सम्भव है। हमारा अभियान साफ सफाई के साथ लोगों को जागरूक करना भी है ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकल जाए। टीम के ही सदस्य दीपांशु गुप्ता ने बताया कि हमारी कोशिश है प्रत्येक रविवार को मैनपाट के पर्यटन स्थलों की साफ – सफाई कर पर्यटकों व स्थानीय लोंगो तक यह संदेश पहुंचाना की स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही मैनपाट को स्वच्छ रख सकतें हैं। कार्यक्रम में मैनपाट यूथ टीम से विशाल सिंह, हिमांशु यादव, विनय सागर, रामकृष्ण सिंह,अमित सिन्हा, राकेश यादव, मनीष पोर्ते, समर चौबे,देव नामदेव,सुखसागर चौहान सहित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के सीडीआई रोशन दहल के नेतृत्व में संजय यादव,कीर्ति प्रताप,पप्पू सिंह सहित अन्य जवान उपस्थित रहे।















