
कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित रेलवे क्रासिंग की बदहाली लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है जो यहां से आवाजाही करते हैं। अरसे से अजीब स्थिति के बीच उनका आना-जाना लगा हुआ है। रेलवे क्रासिंग पर बने गड्ढों को ठीक करने के लिए काम कौन करेगा, यह तय नहीं हो पा रहा है।
बालको और सीएसईबी की मालगाडिय़ां इस ट्रैक से होकर गुजरती है। अन्य व्यवस्था करने की जिम्मेदारी रेलवे के कंधे पर है इसलिए रेलवे क्रासिंग से संबंधित सडक़ समपार से जुड़े मसले को लेकर उसने पल्ला झाड़ लिया है। ऐसे में उद्योग प्रबंधन ही बच जाते हैं जिन्हें आवश्यक सुधार कार्य कराना है। कई महीनों से रेलवे क्रासिंग की दुर्दशा और इस वजह से हो रही जनसमस्या को लेकर अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराया जा चुका है। फिर भी सुधार को लेकर उदासीनता बरती जा रही है। इस मामले में जिले का प्रशासन और उसके अधिकारी भी कुंभकरणीय नींद में सोए हुए हैं। ऐसे में लगता है कि सामाजिक संगठनों को श्रमदान करने के लिए मानसिकता बनानी पड़ेगी।
























