
पटना, 25 फरवरी । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार को शिक्षित, स्वस्थ और समृद्ध के साथ विकसित भी बनाना है। बिहार को आगे ले जाने में मुझे अपना खून भी देना पड़े तो मैं पीछे नहीं हटूंगा। सम्राट ने चुनौती देते हुए कहा कि बिहार को अब लूटने नहीं दूंगा। सबका हिसाब होगा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में आल इंडिया प्रोग्रेसिव ग्रुप की ओर से ‘शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित व समृद्ध बिहार’ विषय पर आयोजित परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि टू जी, थ्री जी और फोर जी वाले देश को लूटने का काम कर रहे हैं। फोर जी वाले कांग्रेस वाले हैं, जबकि टू जी वाले राजद वाले हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि फोर्थ जेनरेशन की राजनीति करने वाले यात्रा करने चले हैं। चार दिन की यात्रा के बाद इटली या फिर स्विट्जरलैंड चले जाते हैं। राजद प्रमुख लालू यादवएवं तेजस्वी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें रावण का प्रतीक बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज टू जी वाले लोग जो रावण बने हुए हैं, वही पिछड़ों के विरोधी हैं, वहीं अतिपिछड़ों के विरोधी हैं।

























