
धार, गुजरी। राऊ-खलघाट फोरलेन के गणपति घाट पर वाहनों के ब्रेक फेल होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह गणपति घाट पर फिर एक बार दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी अनुसार इंदौर की तरफ से आकर गणपति घाट उतर रहे ट्राले एमपी 09 एचएच 1483 के ब्रेक फेल हो गए।इसके बाद ट्राले ने अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद वह डिवाइडर को पार कर घाट चढऩे वाली लेन में जाकर पलट गया। ट्राले की टक्कर लगने से कार सडक़ पर पलट गई।इसमें सवार पूरा परिवार कार के अंदर ही फंस गया। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को दो 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए धामनोद अस्पताल भेजा गया।
जहां डॉक्टर द्वारा हादसे में अनीता पति दीपक उम्र 26 वर्ष और प्रयांश पिता दीपक उम्र 7वर्ष को मृत घोषित किया। वहीं दीपक पिता कमल उम्र 40 वर्ष एवं कमल पिता कालूराम उम्र 60 वर्षों घायल हुए। जानकारी लगते ही काकड़दा चौकी प्रभारी मिथुन चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से वाहन को सडक़ से हटाकर यातायात चालू किया गया।


















