ट्रेलर की टक्कर से बाइक चालक की मौत, पत्नी गंभीर

सूरजपुर। सूरजपुर बैकुंठपुर हाइवे पर ट्रेलर वाहन की तेज टक्कर लगने से मोटरसाइकिल चालक मुर्गा व्यवसायी रविशंकर सोनवानी की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना शनिवार शाम को घटित हुई। बताया गया कि ग्राम देवनगर बडक़ा पारा निवासी रविशंकर सोनवानी पिता स्वर्गीय पारस राम सोनवानी 47 वर्ष शुक्रवार को अपनी पत्नी कविता के साथ मोटरसाइकिल से मेहमानी में शिवप्रसाद नगर गया था। वहां से वह शनिवार की शाम को अपनी मोटरसाइकिल में पत्नी के साथ वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान सूरजपुर बैकुंठपुर हाइवे पर कलुआ पुलिया के समीप ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 15 एसी 5595 के चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए पीछे से मोटरसाइकिल में तेज टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ ही गंभीर रूप से चोटिल मोटरसाइकिल चालक रविशंकर सोनवानी की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वही मोटरसाइकिल सवार मृतक रविशंकर की पत्नी कविता गंभीर रूप से चोटिल हो गई। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया गया। जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इधर दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने टेलर वहां को बरामद कर फरार वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है।

RO No. 13467/11