
पलवल, 0७ मार्च ।
होडल रेलवे यार्ड के समीप रेलवे अधिकारी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह ट्रैक की जांच कर रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हो गया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। जीआरपी थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि कोसीकलां (उत्तर प्रदेश) में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के रूप में तैनात प्रभात कुमार बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे होडल रेलवे यार्ड के समीप ट्रैक की जांच कर रहे थे।
यार्ड में मशीनों का शोर होने की वजह से उन्हें ट्रेन के आने की आवाज सुनाई नहीं दी और वह ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद उनके शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया और रेलवे अधिकारियों और उनके स्वजन को सूचना दी गई। प्रभात कुमार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे।





















