
चाईबाबा, १८ फरवरी । पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के नुरदा गांव के टुंगूबासा में अपराधियों ने डायन-बिसाही के आरोप में एक ही परिवार के चार लोगों की सामूहिक हत्या को अंजाम देकर शवों को ईलीगाड़ा के पास रेल पटरी पर फेंका दिया। मृतकों में महिला रोयबारी सिंकू व उसका चार साल का बेटा व 6 माह की बेटी की पहचान हुई है जबकि एक अन्य व्यक्ति के शव की पहचान अभी नहीं हो पायी है। वहीं घटना के दौरान मृतका की एक सात साल की बेटी किसी तरह अपराधियों के चंगुल से भाग कर अपने बड़े चाचा के पास जा पहुंची तो उसकी जान बच गई।घटना के बाद से ही बच्ची काफी डरी हुई है, जिसे पुलिस अपनी सुरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला रोयबारी सिंकू का पति बिनू सिंकू उर्फ सेट्टी पुणे में मजदूरी का काम करता है। घटना की जानकारी होने के बाद वह अपने घर लौट रहा है। बताया जा रहा कि डायन बिसाही का आरोप लगा कर अक्सर रोयबारी के साथ गांव के ही कुछ लोग लड़ाई करते थे। दिल दहला देने वाली घटना को शुक्रवार देर रात को अंजाम दिया गया है। सबसे पहले अपराधियों ने घर पर हमला कर परिवार को बंधक बनाया।



















