मैनपुरी, २3 सितम्बर ।
सपा द्वारा निकाली गई संविधान बचाओ साइकिल जन जागरण रैली सांसद डिंपल यादव ने समापन किया। रैली में शामिल पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। डिंपल ने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा किसान परेशान है। ये सरकार किसानों को खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। महिलाओं और बेटियों पर लगातार अत्याचार बढ़ रहे हैं। इसलिए लोगों ने इस दमनकारी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया। इस दौरान सपाइयों ने सांसद का स्वागत किया।
सपा द्वारा करहल विधानसभा क्षेत्र में 15 सितंबर से निकाली जा रही संविधान बचाओ जन जागरण साइकिल यात्रा का रविवार को कस्बा के शिव रिसोर्ट में समापन हो गया। समापन के दौरान पहुंची सांसद डिंपल यादव ने पदाधिकारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोला।
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया जा रहा है। साइकिल यात्रा के माध्यम से युवा कार्यकर्ताओं ने संघर्ष कर गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। युवा रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहा है। परंतु इस सरकार में रोजगार के बजाय भ्रष्टाचार हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, गांव- गांव तक सडक़ें खराब पड़ी हैं और सरकार आंखें बंद किए है।