चांपा। दिल्ली पब्लिक स्कूल के विद्यालय प्रांगण में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना सिंह थी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्व. रामगोपाल देवांगन की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण एवं प्रार्थना के साथ किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषणे शिक्षक लोकेश गाबा ने प्रस्तुत किया।। मुख्य अतिथि श्रीमती कल्पना सिंह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को सही रखता है, बल्कि हमें मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है। आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में योग एक संजीवनी बूटी के समान है। इसलिए हमें अपने दिनचर्या में योग को आवश्यक रूप से शामिल करना चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि नियमित योग अभ्यास से ना केवल शारीरिक बल मिलता है अपितु हमें मानसिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण भी होता है। अन्त में उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में योग संचालक शिक्षक दीपक बर्थवाल, प्रिंस राय, अनंत चौहान एवं प्रिंस राज के मार्गदर्शन में छात्रों सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न योगासन जिसमें पद्मासन, वज्रासन, शशांकासन, गोमुखासन, ताड़ासन, हस्तोत्तानासन, अर्धचक्रासन, वृक्षासन, भ्रामरी-प्राणायाम, भस्त्रिका प्राणायाम, अनुलोम-विलोम एवं ध्यान जैसे महत्वपूर्ण आसनों का अभ्यास किया गया। योग शिक्षक ने इन आसनों के लाभों के बारे में बताया। साथ ही साथ उन्हें उक्त योगासन सही तरीके से करने की विधि भी सिखाई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका स्नेहिल चौहान एवं धन्यवाद ज्ञापन दिनेश यादव ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन गायत्री मंत्रोच्चारण के साथ किया गया।