
जांजगीर-चांपा । खोखसा आरओबी की सडक़ दिन ब दिन खराब होते जा रही है। जबकि यह सडक़ डेढ़ साल पहले ही बनी है। अब इस उखड़ी सडक़ की मरम्मत करने वाला कोई नहीं है। क्योंकि सेतु विभाग के एसडीओ रमेश वर्मा के स्थानांतरण होने के बाद इस सडक़ को देखने वाला ही कोई नहीं है। गौरतलब है कि 10 साल में बनी खोखसा आरओबी की सडक़ इतनी घटिया बनी है कि डेढ़ साल बाद ही ठेकेदार की कारगुजारी सामने दिखाई पड़ रही है। आरओबी के मुहाने की सडक़ ही इतनी खराब हो चुकी है कि सडक़ की गिट्टी ऊपर निकल आए हैं। जिसमें दिन भर धूल का गुबार छाया रहता है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं आरओबी के ऊपर की सडक़ में जगह जगह गड्ढे निकल आए हैं। इसके चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं सडक़ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इसमें वाहनों के पहिए भी खराब हो रहे हैं। बड़ी बात यह है कि इन गड्ढों को भरने सेतु विभाग के अफसरों ने अब तक कोई पहल नहीं की है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
स्ट्रीट लाइट भी खराब
खोखसा आरओबी के ऊपर लगी स्ट्रीट लाइट भी डेढ़ साल में ही खराब होने लगी है। दानों ओर के 70-70 बिजली खंभों के आधे से अधिक खंभों की बिजली अक्सर गुल रहती है। इसे भी देखने वाला कोई नहीं है। लोगों की माने तो आरओबी में कम रोशनी की वजह से कभी दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि कोई बड़ी दुर्घटना हुई तो इसके लिए जिला प्रशासन दोषी होगा।























