तकनीकी खामी से गुतुरमा पुलिया के पास हो रही दुर्घटनाएं

अंबिकापुर। अंबिकापुर -पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुतुरमा बेलगांव नाला पुलिया की ऊंचाई सड़क के बराबर नहीं करने के कारण लगातार हादसे हो रहे है। चकाचक सड़क पर तेज गति की वाहन अचानक गढ्ढा पडऩे के कारण उछल जाती है। मोटरसाइकिल से नियंत्रण हट जाने के कारण लोग घायल हो रहे है। शनिवार शाम को भी एक मोटरसाइकिल के अनियंत्रित हो जाने से दो लोग दुर्घटना के शिकार हो गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई है। पुलिया और सड़क को एक ऊंचाई पर नहीं लाने के कारण हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को मौखिक रूप से इस समस्या से कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन वे इस पर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। लगभग आठ माह पूर्व गुतुरमा नाला पुल तैयार हुआ है। उसके बाद से उसमें आवागमन भी शुरू हो चुका है लेकिन इसकी तकनीकी बाधा को दूर नहीं किया गया है इससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। पुलिया और सड़क की ऊंचाई समान नहीं है। इसके कारण वाहन चालक संभल नहीं पाते। पुलिया का हिस्सा कम ऊंचाई का है। सड़क से पुलिया के हिस्से में वाहन के उतरते ही वाहन अनियंत्रित हो जाता है। विशेषकर मोटरसाइकिलों के अनियंत्रित हो जाने से वाहन चालकों का नियंत्रण हट जाता है। इससे वाहनें दुर्घटनाग्रस्त हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डामर गिट्टी या सीमेंट कांक्रीट से समतल करने के लिए पांच सेंटीमीटर की ऊंचाई बढ़ानी है इससे सड़क और पुलिया दोनों समतल हो जाएगी।

RO No. 13467/11