
बतौली। बतौली क्षेत्र के शांतिपारा में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सूने घर में अज्ञात लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है ।यह मकान शांतिपारा में एक छोर पर हाई स्कूल के बाद और चेउर नाला के बीच में स्थित है। सुनेपन का फायदा उठाकर आराम से चोरों ने पूरे घर को खंगाला है। राजकुमार सोनी का घर शांतिपारा में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है ।सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया ।तीन से चार ताले चोरों ने तोड़े हैं । बाहर शटर का ताला तोडऩे के बाद बगल से गैलरी से जाने वाले गेट का ताला भी तोड़ा और फिर दो से तीन कमरों का ताला तोडक़र अज्ञात लोगों ने पूरे घर को खंगाल लिया। गनीमत यह रही कि नगदी और जेवरात की चोरी नहीं हुई। घर सूना पड़ा था। किराएदार के रूप में रह रहे भू विज्ञान विभाग में पदस्थ अधिकारी उपेंद्र सिंह परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। उनके साथ रह रहे सहायक कर्मचारी भी बीती रात नहीं थे । सुबह इस बात की जानकारी मकान मालिक राजकुमार सोनी को हुई थी । सोनी वरिष्ठ कांग्रेस के पदाधिकारी हैं। इस मामले में बतौली थाने में मामला पंजीबद कर दिया गया है ।इस संबंध में राजकुमार सोनी ने बताया कि चोरों ने गैस स्टोव, रेगुलेटर, पाइप ,मिक्सर ग्राइंडर ,गैस सिलेंडर, जूते, परफ्यूम, कॉस्मेटिक के समान ,चूडिय़ां ,दो जैकेट और दो ब्लैंकेट की चोरी की है । उन्होंने कहा कि किराएदार के आने के बाद ही पूरी जानकारी हो पाएगी कि चोरों ने और कौन-कौन से सामान पार किए हैं। उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।





















