
जांजगीर – चांपा । पहले चरण के विधानसभा चुनाव में भूपेश कका साफ हो गए हैं। दूसरे चरण में भी यही स्थिति होगी। पांच साल में राज्य सरकार ने महिलाओं का अपमान किया है। हम उनका सम्मान लौटाएंगे और छत्तीसगढ़वासियों को तीन बार दिवाली मनाने का अवसर देंगे। भूपेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
उक्त बातें चांपा के भालेराय मैदान में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चांपा कोसा कांसा कंचन की नगरी है। यहां के बुनकरों को सरकार ने नुकसान पहुंचाया है। देवांगन समाज के लोगों की सुध नहीं ली गई। हम जब सत्ता में आएंगे तो उनके लिए विशेष पैकेज लाकर उनके काम का आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़वासी इस बार तीन बार दिवाली मनाएंगे। एक बार मना चुके। दूसरी बार 3 दिसंबर को मतगणना के दिन दिवाली मनेगी और तीसरी बार 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में रामलला विराजेंगे उस दिन दिवाली मनेगी। अमित शाह ने कहा कि भूपेश कका ने छत्तीसगढ़ को पिछड़ा राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
जबकि डा. रमन सिंह ने 15 साल में इसे विकसित राज्य बनाया था। कांग्रेस के शासन में यहां पीडीएस घोटाला, महादेव एप घोटाला, कोयला घोटाला और यहां तक गाय के गोबर में भी घोटाला हुआ है। युवाओं की भर्ती में घोटाला हुआ है। दलित युवाओं को निर्वस्त्र होकर जुलूस निकालना पड़ा। इस तरह यहां अनगिनत घोटाले हुए । राज्य में हमारी सरकार बनी तो हम प्रत्येक संभाग में एम्स की तर्ज पर सिम्स और सीआईटी बनाएंगे।
किसानों का धान प्रति एकड़ 21 किवंटल 3100 रूपये के भाव से खरीदेंगे। सभी विवाहित महिलाओं के खाते में सालाना 15 हजार रूपये देंगे। केंद्र की मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता दी । कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त किया जबकि कांग्रेस यहां आतंकवाद को पनाह दे रही थी।
कांग्रेस के समय में बम धमाके होते थे। नरेंद्र मोदी ने देश को सुरक्षित किया। महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने का काम किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो प्रदेश का विकास तेजी से होगा ।



















