
जांजगीर – चांपा । जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग व गौरव पथ से वाहनों के अवैध पार्किंग से लोगों को छुटकारा नहीं मिल रहा है। इसके चलते आवागमन करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। त्यौहारी सीजन में यह परेशानी और बढ़ गई है। विवेकानंद मार्ग में एसबीआई बैंक के सामने बेतरतीब पार्किंग नजारा आम है। मगर पुलिस और नगर पालिका के द्वारा कभी भी बैंक प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है। मगर यातायात उल्लंघन के नाम पर पुलिस रोज वाहन चालकों से जुर्माना जरूर वसूल रही है। मगर मार्ग को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने में यातायात पुलिस और नगर पालिका का कोई ध्यान नहीं है। जिला मुख्यालय की अधिकांश सड़कों में वाहनों के वेतरतीब खड़े होने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। नगर के अधिकांश मार्ग लोगों के वाहनों का अघोषित पार्किंग स्थल बन गया है। यातायात पुलिस इन मार्गों को वाहनों से मुक्त करने में पूरी तरह असफल हो गई है। वहीं सड़क के किनारे अवैध कब्जा और निर्माण सामग्री रखे होने से आवागमन में बाधा के साथ दुर्घटना की भी आशंका बनी हुई है। मगर नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारियों को इससे कोई सरोकार नहीं है। वे भी अपनी जवाबदारियों से बच रहे हैं। दोनों विभागों की उदासीनता के कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के साथ अन्य राहगीरों के लिए यह सिरदर्द बन गया है। शहर के आस पास से लोग बड़ी संख्या में काम – काज व आवश्यक सामान खरीदी के लिए यहां आते हैं। इस दौरान नगर की सड़कों पर लोगों का अवागमन काफी बढ़ जाता है, लेकिन नगर की यातायात व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पा रही है। मुख्य मार्गों में संचालित प्रतिष्ठानों व शासकीय विभागों में काम से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। जिससे लोग अपने वाहनों को सड़कों के किनारे व सड़कों पर ही खड़ी कर देते हैं। त्यौहारी सीजन में सड़क पर दुकानों का सामान नेताजी चौक से रेलवे स्टेशन तक दो किलोमीटर का गौरव पथ अवैध पार्किंग स्थल बन गया है। इस मार्ग में निवासरत लोग अपने भारी वाहनों को भी खड़ी कर देते हैं। सड़क के दोनों किनारे में स्थानीय लोगों द्वारा दुकान का सामान फैलाकर भी आवागम को बाधित किया जा रहा है। वहीं त्यौहारी सीजन के चलते दुकानदार अपने सामानों को सड़क पर निकाल देते हैं जिसके चलते भी यातायात बाधित हो रहा है।