उत्तराखंड में आधे रास्ते पर उतारा, हुआ दुव्र्यवहार
कोरबा। अक्षय तृतीया से प्रतिवर्ष होने वाली देवभूमि उत्तराखंड स्थित चारधाम की यात्रा हर सनातन धर्मावलंबी जीवन में एक बार जरूर करना चाहता है। यमुनोत्तरी, गंगोत्री, बद्रीनाथ और भगवान केदारनाथ के तीर्थ इस भूखंड पर स्थित हैं। इसलिए यात्रा का सुख हर कोई लेना चाहता है। कोरबा जिले की 8 से अधिक महिलाओं को वर्ष 2024 में त्रिपुर सेवा समिति के द्वारा आयोजित यात्रा ने काफी रूलाया। एक तो उन्हें अधिक पैसे देने पड़े और इसके बाद भी रास्ते में ही धक्के मारकर यात्रियों को उतार दिया गया। उन्होंने वीडियो जारी कर आपबीती बताई।
उत्तराखंड के जोशी मठ पुलिस थाना में भी इस बारे में महिलाओं की ओर से पूरे मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बस चालक के द्वारा किये गए दुव्र्यवहार से लेकर आयोजक संस्था त्रिपुर समिति कोरबा के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ जब त्रिपुर सेवा समिति की यात्रा विवादों के घेरे में आई। इससे पहले भी दक्षिण भारत से लेकर अन्य तीर्थ स्थानों की यात्रा के दौरान खानपान और यात्रा की शर्तों को लेकर ऐसे मामले पेश आए। नया मामला चारधाम यात्रा से जुड़ा हुआ है जिसमें कोरबा जिले की महिलाओं को कड़वे घूंट पीने पड़े। यात्रा से पूर्व यहां-वहां दी गई जानकारी के आधार पर महिलाओं ने अपना पंजीकरण कराया था और समिति को भारी-भरकम राशि अदा की थी। यात्रा की शुरुआत छत्तीसगढ़ से ट्रेन से हुई जबकि आगे के सफर के लिए उत्तराखंड की बसों को अनुबंधित किया गया। इनके माध्यम से चारधाम की यात्रा होना है। हरिद्वार से रवाना होने के बाद महिलाओं व अन्य यात्रियों के लिए समस्याएं पेश आने लगी। बद्रीनाथ की यात्रा के दौरान जरा सा विलंब होने पर महिलाओं को वहां पर ही छोड़ दिया गया और बस आगे रवाना हो गई।
उच्च शिक्षित वर्ग से आने वाली महिलाओं ने यात्रा में होने वाली परेशानियों के मद्देनजर व्यवस्था कर रखी थी। ऐसे में उन्होंने व्यक्तिगत साधन से आगे का सफर पूरा किया। इस पर बड़ी राशि खर्च की गई। अगले गंतव्य को जाने के लिए जब पिछली बस में वे सवार हुईं तो उन्हें जोशी मठ के पास बस से जबरन उतार दिया गया। उनके साथ बस के स्टाफ ने बदतमीजी की। पूरे प्रकरण को लेकर उन्होंने वीडियो में यात्रा समिति पर भड़ास निकाली और बताया कि उसके कारण वे वहां कई घंटों से फंसी हुई हैं। वे जोशी मठ थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। जोशी मठ पुलिस ने सभी बसों को जोशी मठ में रूकवा दिया है और त्रिपुर यात्रा समिति के प्रमुख राहुल यादव से संपर्क कर रही है।