नईदिल्ली, २० नवंबर ।
आने का इंतजार कर रहे एयर इंडिया की फ्लाइट के यात्री चार दिन से थाईलैंड के फुकेट में फंसे हुए हैं। उड़ान की महंगी टिकट खरीदने के बाद भी यात्री अपनी फ्लाइट नहीं पकड़ पा रहे हैं। एयर इंडिया का इस पूरे मामले पर बयान आया है।एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई377 को 16 नवंबर की शाम को नई दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। तय समय से पहले यात्री एयरपोर्ट पहुंचे। एक बार फ्लाइट ने उड़ान भी भरी, लेकिन विमान को वापस लौटाया गया। यात्रियों को कई बार इधर से उधर ले जाया गया। यात्री चार दिन से होटल में फंसे हुए हैं। फुकेट में पिछले चार दिनों से उड़ान का इंतजार कर रहे यात्री राजेश अग्रवाल बताते हैं कि उन्हें और इनकी पत्नी को जिस उड़ान को शाम 5.50 बजे रवाना होना था, उसे देरी किया जाता रहा। इस बीच यात्री एयरपोर्ट बे पर फंसे रहे। रात करीब नौ बजे गेट को बदलकर निचले तल पर जाने को कहा गया। गेट बार-बार बदले जाते रहे।बुजुर्ग व बच्चों को इससे काफी दिक्कत हुई। रात करीब 11.30 बजे यात्रियों को टर्मिनल से विमान के पास बे तक बस में लाया गया। यात्री विमान में सवार हुए, लेकिन फिर उन्हें नीचे आने को कहा गया और यहां से उन्हें सीधे होटल भेज दिया गया।अगले दिन यानी 17 नवंबर को रात करीब 8.40 बजे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लाकर विमान में बैठाया गया।
विमान को उड़ान भरी, लेकिन उड़ान के दौरान विमान में कुछ तो मौसम व कुछ तकनीकी अड़चन के बीच खराबी आई और विमान को वापस फुकेट लाया गया।तब से यात्री फुकेट में ही एयर इंडिया द्वारा उपलब्ध कराए गए होटल में फंसे हैं। परेशान यात्रियों में कुछ तो महंगी टिकट खरीदकर दूसरी उड़ानों से नई दिल्ली पहुंच गए, लेकिन अभी भी कई यात्री वहां फंसे हैं। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए दुख जताते हुए कहा कि एयरलाइंस के स्टाफ ने यात्रियों की असुविधा को कम करने का प्रयास किया, होटल में ठहरने और भोजन सहित सभी ऑन-ग्राउंड सहायता प्रदान की। कुछ यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से भी भेज दिया गया है। यात्रियों को टिकट कैंसिल करने पर पैसे की वापसी या फिर से टिकट बुक करने के विकल्प दिए हैं।
यात्रियों को नई दिल्ली लाने की प्रक्रिया जारी है। विमान में 144 यात्री थे, जिनमें अधिकांश को दूसरी उड़ानों से लाया जा चुका है। करीब 35 यात्री अभी भी वहां फंसे हैं, उन्हें बुधवार तक लाया जाएगा।