
हाजीपुर। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 गोरौल थाना क्षेत्र के गोरौल चौक के निकट सडक़ हादसे में बेतिया ड्यूटी पर जा रहे एसआई की मौत हो गई। मृतक रवि कुमार नालंदा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वह बेतिया के भगहा थाना में पदस्थापित थे। दारोगा रवि कुमार बुलेट बाइक से बेतिया ड्यूटी जा रहे थे। इसी दौरान एनएच पर बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटनास्थल पर रवि कुमार की मौत हो गई, जबकि बुलेट बाइक धू- धूकर जल गई।घटना की सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। घटना की जानकारी मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा दमकल कर्मियों को दी गई।
घटना की सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बुलेट पूरी तरह जल चुकी थी।बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी गांव में करंट की चपेट में आने से मां बेटी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। स्वजन का रोते-रोते बुरा हाल है। मृतका स्थानीय अनिल चौधरी की 40 वर्षीय पत्नी संगीता देवी एवं 18 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी बताई गई। मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका कुमारी स्नान करने के बाद कपड़ा सुखाने गई थी। इसी दौरान बिजली पोल से लटकी नंगे तार में करंट की चपेट में आ गई। प्रियंका के करंट की चपेट में आने से मौके पर मौजूद लोगों की नजर पड़ी तो लोग शोर-शराबा करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही खाना बना रही मां खाना छोडक़र आई और उसे हटाने का प्रयास किया।
इसी दौरान मां बेटी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा दोनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में लाया गया।डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रियंका कुमारी के पिता दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। संगीता देवी के तीन लडक़ी और दो लडक़ा है। किसी की शादी नहीं हुई है, फिलहाल सभी पढ़ाई करते हैं। घटना की जानकारी बिदुपुर थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।


























