
आए दिन हो रही है दुर्घटनाएं
कोरबा। म्युनिसिपल कारपोरेशन ऑफ़ कोरबा के द्वारा लगातार गुणवत्ता और समय सीमा के साथ काम करने के लिए दावे किए जाते रहे हैं। ठेके पर दिए जाने वाले कामों के मामले में निगरानी को लेकर ध्यान नहीं देने के कारण समस्याएं हो रही हैं। दर्री रोड में सडक़ विकास और नाली निर्माण के बाद ठेकेदार चैम्बर लगाना भूल गया। इस तरह की अनदेखी करने के कारण लगातार दुर्घटना हो रही हैं।
वार्ड क्रमांक 1 रामसागर पारा के अंतर्गत यह इलाका आता है जहां पर इस तरह की समस्याएं लोगों को परेशान कर रही हैं। जानकारी के अनुसार दर्री रोड मुख्य मार्ग पर लोगों के घरों और संस्थाओं से निकलने वाले गंदे पानी को सही जगह पहुंचाने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर किया गया है। नगर निगम ने इसके लिए कई लाख रुपए खर्च किए हैं। व्यवस्था के अंतर्गत नाली बनाने के साथ ही ऊपरी हिस्से को कवर्ड करना था। काफी हिस्से में इस प्रकार की कोशिश की गई है लेकिन एक खास जगह पर नाली को खुला छोड़ दिया गया है। नागरिक बताते हैं कि लगातार इन दो स्थानों पर बार-बार मवेशी गिरने के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थिति में आसपास के लोगों के साथ-साथ गांव पालन के लिए काम करने वाली समिति से जुड़े स्वयंसेवकों को काफी मेहनत करनी पड़ रही है। लोगों की शिकायत इस बात को लेकर है कि कामकाज को अधूरा करने के साथ ठेकेदार भाग खड़ा हुआ है। अनेक स्तर पर जानकारी देने के बाद भी यहां से जुड़ी परेशानी को हल करने के लिए कोई जतन नहीं किया जा रहा है।























