
गाजियाबाद, २१ सितम्बर । दहेज में दस लाख रुपये और कार नहीं मिलने पर विवाहिता के उत्पीडऩ का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि हनीमून के बहाने आरोपित पति उन्हें अंडमान व निकोबार लेकर गया। वहां समुद्र में डूबोकर जान से मारने की कोशिश की।आरोप लगाया कि आसपास के लोगों ने उनकी बचाई। जेठ पर भी छेडख़ानी करने का आरोप है। मामले में मोदीनगर पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मोदीनगर की एक कॉलोनी के व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी दिसंबर 2022 को मेरठ के आरकेपुरम में की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर उत्पीडऩ करने लगे। दहेज में दस लाख रुपये व कार की मांग करने लगे।आए दिन उनको पीटा जाने लगा। लेकिन घर बना रहे इसलिए वे सब सहती रही। विवाहिता के मुताबिक, 17 दिसंबर को पति हनीमून के लिए उन्हें अंडमान व निकोबार लेकर गया। दो दिन बाद वहां पर आरोपित ने उन्हें समुद्र में डूबोकर मारने की कोशिश की। आसपास के लोगों ने उन्हें किसी तरह बचाया।घर लौटने पर विवाहिता ने जब ससुरालियों से शिकायत की तो उन्होंने विवाहिता को ही गलत बताया। उनके साथ मारपीट की। विवाहिता का आरोप है कि कुछ दिन बाद ससुराल के लोग किसी काम से बाहर गए। विवाहिता घर पर अकेली थी। इसी बीच जेठ वहां आया और उनके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। विरोध पर उन्हें पीटा भी।