
नईदिल्ली, २७ मार्च । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम एक्शन में है। आबकारी नीति घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आज बुधवार को ईडी की टीम आम आदमी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दीपक सिंगला के आवास छापेमारी कर रही है। दीपक सिंगला पूर्वी दिल्ली की मशहूर मिठाई की दुकान सिंगला स्वीट्स के मालिक हैं। आप नेता के घर सहित दिल्ली- एनसीआर में कई स्थानों पर ईडी की छापेमारी चल रही है। दीपक सिंगला विश्वास नगर से आम आमदी पार्टी के प्रत्याशी थे। दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी के गोवा प्रभारी हैं। आबकारी घोटाले से मिले धन के गोवा चुनाव में खपाए जाने की ईडी जांच कर रही है। ईडी का आरोप है कि घोटाले से मिले 45 करोड़ रुपये गोवा विधानसभा चुनाव में खर्च किए गए। उल्लेखनीय है कि आबकारी घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के अगले दिन शुक्रवार देर रात आयकर विभाग ने घुम्मनहेड़ा गांव में आप विधायक गुलाब सिंह यादव और उनके कुछ करीबियों के घर व दफ्तर पर छापेमारी की थी।






























