
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 10 साल बाद बुरी तरह हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार से विपश्यना के लिए पंजाब के होशियारपुर विपश्यना केंद्र जाएंगे।
वह दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार राष्ट्रीय राजधानी से बाहर जा रहे हैं। उधर, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से तंज कसा कि कहीं जाने की जरूरत नहीं, जेल में विपश्यना के लिए काफी समय मिलेगा।
धर्मकोट, नागपुर और बेंगलुरु भी जा चुके हैं
केजरीवाल पिछली बार भी इसी विपश्यना केंद्र पर गए थे। इससे पहले वे धर्मकोट, नागपुर और बेंगलुरु में कई विपश्यना सत्रों में जा चुके हैं। गौरतलब है कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से केजरीवाल को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।
यहां से भाजपा के प्रवेश वर्मा ने उन्हें हरा दिया। केजरीवाल को लेकर भाजपा ने यहां तक दावा किया कि अब वो राज्यसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, आप ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है।
भाजपा ने कसा तंज
- इसी बीच दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने विपश्यना का जिक्र करते हुए कहा कि केजरीवाल अब देश में कहीं नहीं जा सकते हैं, क्योंकि उन्हें सरकारी पैसे पर हवाई यात्रा नहीं मिलेगी।
-
- उन्होंने कहा कि एक बार जब कैग पर विधानसभा की लोक लेखा समिति की रिपोर्ट आ जाएगी और और मामले दर्ज हो जाएंगे, तो उन्हें जेल में विपश्यना के लिए काफी समय मिल जाएगा।
विपश्यना क्या है?
विपश्यना एक प्राचीन भारतीय ध्यान पद्धति है। इसका शाब्दिक अर्थ होता है, देखकर लौटना। इसमें हिस्सा लेने वाले लोग कुछ वक्त के लिए संचार प्रक्रिया से खुद को अलग कर लेते हैं।