
नई दिल्ली। कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली की अपने हिस्से की तीनों सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तकरीबन तय कर लिए हैं। इसमें उत्तर पूर्व दिल्ली क्षेत्र से जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार, चांदनी चौक क्षेत्र से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित व उत्तर- पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से पूर्व सांसद उदित राज के नाम शामिल हैं। संभवत: शुक्रवार को उम्मीदवारों की सूची जारी हो सकती है। उधर, सूत्र बताते हैं कि अब भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का एक खेमा सूची में शामिल उम्मीदवारों के नामों से सहमत नहीं है। इनकी कोशिश सूची में बदलाव करवाने की है। सूत्रों के अनुसार उत्तर-पूर्व दिल्ली क्षेत्र से कन्हैया कुमार के नाम की प्रदेश कांग्रेस ने कभी भी सिफारिश नहीं की थी। पहले कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी उनको बिहार से चुनाव लड़वाना चाह रहा है,लेकिन बिहार में कांग्रेस का सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल इससे सहमत नहीं हुआ। ऐसे में कन्हैया कुमार को वहां से नहीं उतारा जा सका। अब पार्टी इनको उत्तर-पूर्व दिल्ली संसदीय सीट से चुनाव लड़ाने जा रही है।

























