
नईदिल्ली । दिल्ली में जनवरी का यह महीना पिछले छह सालों का सबसे गर्म रहा है। एक से 30 जनवरी का औसत अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री रहा है। वहीं औसत न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। औसत अधिकतम तापमान 2020 से 2025 तक 20 डिग्री के पार नहीं गया। 2019 का औसत अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री रहा था। वहीं न्यूनतम तापमान के आधार पर भी यह आठ सालों की सबसे गर्म जनवरी रही है। इस साल औसत न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा है। 2017 में औसत न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा था। उधर शुक्रवार को माह के आखिरी दिन भी गर्मी ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। धूप काफी अधिक तेज रही। तेज धूप की वजह से नमी का स्तर कम होकर महज 45 प्रतिशत रह गया। हालांकि नमी का अधिकतम स्तर 98 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग के अनुसार 2020 से 2025 के बीच जनवरी में तापमान पहली बार अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री रहा है। इससे पहले 21 जनवरी 2019 को यह 28.7 डिग्री रहा था। बृहस्पतिवार को 26.1 डिग्री तापमान भी पिछले छह सालों में सर्वाधिक था जबकि अब शुक्रवार के तापमान ने एक दिन पहले का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूर्वानुमान के अनुसार फरवरी की शुरुआत भी गर्मी के साथ ही होगी। शनिवार को इसी तरह तेज धूप खिली रहेगी। सुबह के समय मध्यम कोहरा रह सकता है। आंशिक तौर पर बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के आसपास रहेगा। रविवार से तापमान में थोड़ी कमी आएगी। आंशिक बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक रह सकता है। तीन व चार फरवरी को धुंध रहेगी।तीन फरवरी को रात के समय और चार फरवरी को सुबह के समय हल्की वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान इस दौरान 22 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री तक रहेगा। पांच फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा। अधिकतम तापमान 22 से 24 और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री तक रह सकता है। लगातार तीसरे दिन दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही।