नई दिल्ली। मोहर्रम को लेकर शहर में आज ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। सबसे बड़ा जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर नई दिल्ली होते हुए कर्बला पर संपन्न होगा। इस दौरान कई जगहों पर यातायात प्रभावित रहेगा। लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार छत्ता शहजाद, कलां महल से ताजिया जुलूस निकाला जाएगा और ये कमरा बंगश, चितली कबर, चूड़ी वालान, मटिया महल, जामा मस्जिद, चावड़ी बाजार, हौज काजी आदि के कई रास्तों से निकलेगा और इसी रास्ते से वापस जाएगा। इसके अलावा एक अन्य जुलूस पुरानी पुलिस चौकी, अशोक बस्ती, कुतुब रोड, खारी बावली, लाल कुआं, हौज काजी, चावड़ी बाजार और जामा मस्जिद के रास्तों से होकर गुजरेगा। वापसी में भी इसी रास्ते से इस जुलूस को निकाला जाएगा। इसके अलावा निजामुद्दीन, ओखला व महरौली आदि से निकलने वाले ताजिए सीधे कर्बला, जोर बाग पहुंचेंगे।