नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में सामाजिक रामलीला ग्रेटर कैलाश की ओर से चिराग दिल्ली में आयोजित रामलीला में कुंभकरण का किरदार निभा रहे कलाकार की शुक्रवार रात को हार्ट अटैक (Heart Attack) से मौत हो गई। उनकी जगह शनिवार को दूसरे कलाकार ने कुंभकरण का किरदार निभाया। जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी 60 वर्षीय विक्रम तनेजा पिछले कई साल से सामाजिक रामलीला ग्रेटर कैलाश से जुड़े थे। वह हर साल कुंभकरण का किरदार निभाते थे। शुक्रवार को रामलीला का मंचन समाप्त होने के बाद मेकअप हटा रहे थे। तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। वह बेसुध हो गए। उनके साथियों ने तुरंत उन्हें नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद भर्ती रहने के बाद उन्हें आराम नहीं मिला। उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उन्होंने दूसरे अस्पताल में भर्ती करने के लिए कहा। इस पर उन्हें दूसरे निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां पर कुछ देर उपचाराधीन रहने के बाद उनकी मौत हो गई। डॉक्टर्स ने बताया कि हार्ट अटैक की वजह से विक्रम की जान गई है। इस मामले में पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मृतक के स्वजन को घटना के बारे में बता दिया।