
नईदिल्ली । लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन करने के लिए भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत शनिवार को दिल्ली में हुई। भारत मंडपम् में हो रहे इस आयोजन में 11000 से अधिक पार्टी नेता पहुंचे हैं। बैठक की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन के साथ होगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन रविवार को होगा। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले होने जा रहे भाजपा के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियों के साथ ही अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का मुद्दा छाया रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में अकेले भाजपा के लिए 370 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसे हासिल करने में मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियां और खासकर गरीब कल्याण योजनाओं की अहम भूमिका होगी। 11 हजार से अधिक प्रतिनिधियों को इन उपलब्धियों को बूथ स्तर तक ले जाने के मंत्र दिए जा सकते हैं।




























