नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मई में उत्तर के मैदानों व मध्य भारत में अधिक लू चलने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी का कहना है कि मई में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने और उत्तर भारत से लगते इलाकों में लू चलने की अधिक संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि भारत के किन राज्यों में सामान्य से अधिक वर्षा होगी। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दक्षिण राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात में 9 से 11 दिन लू चलेगी। राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के बाकी क्षेत्रों और छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार में 9 से 11 मई तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11 मई के बाद से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। 12 मई से दिल्ली, बिहार, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और पश्चिम बंगाल में मध्य से तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ओडिश में भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी भारत, मध्य भारत और दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश इलाकों, उत्तर पश्चिम भारत व मध्य भारत के कुछ हिस्सों तथा प्रायद्वीपीय भारत के पूर्वोत्तर इलाके से सटे क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर व उत्तर पश्चिम भारत के कुछ इलाकों, गंगा तटीय मैदानों और मध्य भारत को छोड़कर देश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।