दिल्ली-यूपी में नहीं थम रहा बारिश का दौर, बिहार के कई जिलों में बाढ़ से तबाही, पहाड़ों पर तूफान की चेतावनी

नईदिल्ली, १९ सितम्बर ।
उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में वर्षा से बुरा हाल है। यूपी के कई जिलों में बुधवार से बारिश लगातार हो रही है। सबसे बुरे हालात बिहार के हैं। यहां बाढ़ के चलते कुल 274 विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। विभिन्न पंचायतों के 20 स्कूल या तो पानी से पूरी तरह घिर गए हैं या उनमें पानी प्रवेश कर गया है। बुधवार से स्कूलों में परीक्षा भी प्रारंभ होने वाली थी। शिक्षकों व छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए परीक्षा स्थगित कर दी गई है। पहाड़ी राज्यों के कई इलाकों में मौसम विभाग की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा का क्रम जारी है। मौसम विभाग ने हिमाचल के कांगड़ा, चंबा, कुल्लू व मंडी जिले में 19 सितंबर को वर्षा के साथ तूफान चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
उधर, उत्तर प्रदेश में कानपुर व आसपास के जिलों में मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक रुक-रुककर हुई वर्षा के दौरान कच्चे घरों और पेड़ गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई।बिहार के कई जिलों में वर्षा के कारण नदियां उफान पर है। बक्सर, भोजपुर, बेगूसराय व सारण जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आरा (भोजपुर) में 149 व बेगूसराय में 125 विद्यालयों को बंद कर दिया है। बुधवार को सोन नदी में रोहतास जिले के इंद्रपुरी बराज से छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। कई घरों में पानी भी प्रवेश कर गया है। जमुई जिले में बहने वाली किऊल नदी में काम करने के दौरान एक बिजली मिस्त्री नदी के तेज बहाव में बह गया। झारखंड के पलामू जिले के मोहम्मदगंज स्थित कोयल नदी पर स्थित भीम बांध से एक लाख 73 हजार 902 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से प्रशासन ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में कर दिया है। रिहंद और बाण सागर से भी पानी छोड़ा गया है जिससे तीन से चार दिन तक और पानी बढऩे की स्थिति बन सकती है। जहानाबाद जिले में एक बार फिर फल्गु नदी उफना गई है। खगडिय़ा में गंगा, बूढ़ी गंडक और बागमती खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। समस्तीपुर जिले के मोहनपुर में भी गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने लगी है।

RO No. 13467/10