
नई दिल्ली। अपने पूर्वानुमान में बदलाव करते हुए मौसम विभाग ने गुरुवार नहीं बल्कि अब शुक्रवार से रविवार तक दिल्ली में तीन दिन तेज वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। तीनों ही दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग का पहले यह अलर्ट गुरुवार से शुक्रवार तक था। इस दौरान तापमान तो कम रहेगा ही, उमस भरी गर्मी से भी कुछ राहत मिलने की संभावना रहेगी। उधर, बुधवार को दिन भर बादलों की आवाजाही तो बनी रही, लेकिन वर्षा कहीं देखने को नहीं मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 93 से 57 प्रतिशत तक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और कहीं कहीं हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 27 डिग्री रह सकता है।